यसआरके गुरुकुलम विद्यालय में छात्रों ने उत्साह से मनाया रक्षा बंधन उत्सव

नारीबारी प्रयागराज,रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर श्री रामकृष्ण गुरुकुलम विद्यालय नारीबारी में छात्रों द्वारा रक्षा बंधन उत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। राखी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी रचनात्मक कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से विद्यालय परिसर में पर्व जैसा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में बच्चों ने रक्षा सूत्र के साथ मोती, धागे और विभिन्न सजावटी सामग्रियों का उपयोग कर सुंदर राखियां तैयार कीं। विद्यार्थियों ने रक्षा सूत्र के माध्यम से भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी स्नेह की भावना को राखियों में उकेरा। शिक्षकों ने बच्चों की मेहनत और रचनात्मकता की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक सूर्यकांत शुक्ल ने रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पक्ष की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने “येन बद्ध बली राजा”मंत्र के साथ राखी का आध्यात्मिक महत्व का वर्णन किया।मेवाड़ की वीरांगना रानी कर्मवती और मुगल बादशाह हुमायूं से जुड़ी प्रसिद्ध कथा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि राखी केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और रक्षा के संकल्प का भी पर्व है। रक्षा बंधन उत्सव में छात्र मृदुल, बेबी, पूर्णिमा, आर्या, शगुन, अभिषेक, श्रेष्ठ, आशीष, कविता, मानवी, मान्या, निखिल, राज आदि ने प्रमुख रूप से प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य भावना मिश्रा, शीलू केसरवानी, काजल पाण्डेय,संगीता विश्वकर्मा,सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा के साथ ऐसी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Related posts

Leave a Comment