अतीक गैग का इनामी शूटर पुराने केस में सरेंडर कर गया जेल,प्रॉपर्टी डीलर मर्डर में था वांटेड

 

प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर इरफान (45) की हत्या का मास्टरमाइंड आसिफ दुर्रानी बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर चला गया जेल । पुराने मामले में जमानत तोड़वाकर उसने सरेंडर कर दिया। 50 हजार का यह इनामिया अपराधी इरफान हत्याकांड में चल रहा था फरार।

जिस मामले में दुर्रानी ने सरेंडर किया वह धूमनगंज में 2016 में हुई हत्या का केस है। इसमें वह माफिया अतीक के शार्प शूटर जुल्फिकार उर्फ तोता के साथ नामजद था। उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था। 2018 में उसे जमानत मिल गई थी। इसी मामले में उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ था,जिसमें बुधवार दोपहर तीन बजे के लगभग उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्रयागराज पुलिस ने इरफान हत्याकांड में उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।पुलिस की पांच टीमें उसकी तलाश में खाक छान रही थीं। इनमें एसओजी की तीन टीमें भी शामिल रहीं। लेकिन उसने सभी टीमों को चकमा देकर कर दिया सरेंडर। आसिफ दुर्रानी पर 2 दर्जन के लगभग गंभीर धाराओं मे दर्ज हैँ मुक़दमे।

माफिया अतीक अहमद का कुख्यात शूटर रहा यह गैंगस्टर रील बनाने का बहुत शौकीन है और उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ढेरों रील वीडियो पोस्ट कर रखे थे। हत्याकांड के एक दिन बाद यानी नौ अप्रैल तक उसका अकाउंट एक्टिव था लेकिन इसके बाद इसे डिलीट कर दिया गया था।

अतीक के आईएस-227 गैंग का सक्रिय मेंबर आसिफ माफिया भाइयों के सबसे खास शूटरों में गिना जाता था। उसकी बहन समेत दो अन्य आरोपी भी इस मामले में अब तक गिरफ्त से दूर हैं।

इरफ़ान हत्याकांड में आसिफ दुर्रानी के भाई राशिद को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का दावा है कि उसने ही प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारी थी। दावा यह भी किया जा रहा है कि जिस जगह प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारी गई,उससे कुछ दूर पर ही आसिफ अपने एक साथी के साथ बाइक पर खड़ा था। इस मामले में राशिद समेत पांच आरोपी अब तक जेल भेजे जा चुके हैं।

इस मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी तो नहीं ही हो पाई, अब तक हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद नहीं की जा सकी है। पुलिस का कहना है कि जेल भेजे जाने से पहले राशिद ने पूछताछ में बताया था कि पिस्टल आसिफ के पास है। अब पुलिस उसे कस्टडी रिमांड पर लेकर पिस्टल बरामद करने का प्रयास कर रही है।

करेली के बिस्मिल्लाह चौराहे के पास रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर इरफान की आठ अप्रैल की शाम 6:30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह चाय पीने गया था तभी दो बाइक से आए चार शूटरों ने उस पर हमला किया। इरफान माफिया अतीक के भाई अशरफ का गनर रह चुका था। परिजनों की तहरीर पर इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाने के आरोप में अतीक के शूटर आसिफ दुर्रानी व राशिद दुर्रानी को नामजद किया गया। जबकि अन्य अज्ञात भी आरोपी बनाए गए। बाद में इसमें विवेचना के दौरान पांच और नाम सामने आए।

Related posts

Leave a Comment