शंकरगढ़, प्रयागराज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) प्रयागराज ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शंकरगढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान कई कमियां सामने आने पर सीएमओ ने संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सक डॉ. अनूप एवं डॉ. पुनीत को स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही न बरतने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं वार्ड बॉय धर्मेंद्र को अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने की हिदायत दी।
सीएमओ ने अस्पताल में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों, पैथोलॉजी लैब तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएचसी प्रभारी शंकरगढ़ अनुपस्थित मिले, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
हालांकि निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट करण सिंह के कार्यों पर सीएमओ संतुष्ट नजर आए और उनके कार्य निष्पादन की सराहना की।
सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। ऐसे में प्रत्येक सीएचसी प्रभारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि अस्पताल की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखें और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन शिकायत प्राप्त होती है और जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ के औचक निरीक्षण से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप का माहौल रहा और कर्मचारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे दिखाई दिए।आगे देखना है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के हिदायत का शंकरगढ़ अस्पताल में कितना सुधार होगा
सीएमओ के औचक निरीक्षण से पूरे शंकर गढ़ अस्पताल में मचा हड़कंप ,खामियां मिलने पर चिकित्सकों को लगाई फटकार
