प्रमोद बाबू झा।शंकरगढ़, प्रयागराज। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार को शंकरगढ़ थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई।एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा व थाना प्रभारी शंकरगढ़ सुशील कुमार दुबे की मौजूदगी में आयोजित बैठक में दोनों समुदायों के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि व संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।एसीपी वेदव्यास मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुर्बानी केवल पूर्व से चिन्हित व निर्धारित स्थलों पर ही की जाए। सार्वजनिक स्थान, सड़क किनारे या खुले में कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कहा कि शंकरगढ़ की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। माहौल बिगाड़ने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि त्यौहार पर सोशल मीडिया की 24 घंटे निगरानी होगी। कुर्बानी का वीडियो बनाकर वायरल करने या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाएगा। नगर पंचायत को कुर्बानी के बाद अवशेषों का तत्काल निस्तारण कराने व विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अफसरों ने दोहराया कि बकरीद पर कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। पुरानी परंपराओं के अनुसार ही पर्व मनाया जाए। बैठक में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। अंत में थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या थाने के सीयूजी नंबर पर तुरंत सूचना दें। बैठक में सभी धर्मगुरुओं व जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को शांतिपूर्ण त्यौहार संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
